हरिद्वार, 3 जुलाई,
आगामी कांवड़ मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के दृष्टिगत हरिद्वार जनपद के प्रभारी मंत्री श्री सतपाल महाराज ने शुक्रवार को सीसीआर सभागार में अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक लेकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में कांवड़ यात्रा के संचालन के लिए तैयार की गई कार्ययोजना पर विभागवार चर्चा करते हुए प्रभारी मंत्री ने सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री श्री सतपाल महाराज ने कहा कि कांवड़ यात्रा देश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है। लाखों श्रद्धालु आस्था और विश्वास के साथ हरिद्वार पहुंचते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा, सुविधा और सम्मान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान सहित पड़ोसी राज्यों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की निर्बाध आवाजाही के लिए तैयार कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जाए। सभी व्यवस्थाओं का समय रहते परीक्षण भी सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि कांवड़ियों के स्वागत-सत्कार और सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। कांवड़ मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा, विद्युत, प्रकाश व्यवस्था, विश्राम स्थलों और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए उन्हें सुरक्षित एवं सहज वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर के माध्यम से पुष्पवर्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह उत्तराखंड की अतिथि देवो भवः की परंपरा तथा श्रद्धालुओं के प्रति सम्मान और स्वागत का प्रतीक होगा।
बैठक में कैबिनेट मंत्री श्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दें। यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, डायवर्जन योजना तथा भीड़ नियंत्रण के लिए बनाई गई कार्ययोजना का पूर्व परीक्षण (ड्राई रन) किया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर समय रहते आवश्यक सुधार किए जा सकें।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कांवड़ मेले की तैयारियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि सभी विभाग निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के लिए समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत सिंह भुल्लर तथा पुलिस अधीक्षक (यातायात) निशा यादव ने सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की प्रस्तावित कार्ययोजना की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, डायवर्जन, पार्किंग, संवेदनशील स्थलों की निगरानी तथा पड़ोसी राज्यों की पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय की तैयारियों से अवगत कराया।
