मेला प्रशासन ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं व्यापारियों को योजनाओं के ब्लू प्रिंट और डिजाइन दिखाकर दी विस्तृत जानकारी
फुटपाथ, सड़क एवं चौराहों के सुधार और सौंदर्यीकरण कार्यों में स्थानीय लोगों की सहूलियत का रखा जाएगा पूरा ध्यान
स्थानीय व्यापारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने योजनाओं को उपयोगी बताते हुए कार्यों में सहयोग का दिया आश्वासन

हरिद्वार, 7 सितंबर
कुंभ मेला 2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार के शंकर आश्रम चौक तथा पुराना रानीपुर मोड़-परशुराम चौक क्षेत्र में किए जा रहे अवस्थापना विकास कार्यों को लेकर स्थानीय स्तर पर उत्पन्न कुछ भ्रांतियों एवं आशंकाओं को मेला प्रशासन ने संवाद के माध्यम से दूर किया है। सड़क, फुटपाथ एवं चौराहों के सुधार तथा सौंदर्यीकरण से जुड़ी योजनाओं के संबंध में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं व्यापारियों द्वारा आवागमन तथा वाहनों को खड़ा करने में संभावित असुविधा को लेकर आशंकाएं व्यक्त की गई थीं।

इन आशंकाओं को दूर करने के लिए मेला प्रशासन के अधिकारियों ने स्थानीय लोगों के बीच जाकर योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की और उन्हें आश्वस्त किया कि कार्यों के क्रियान्वयन में उनकी सुविधाओं एवं व्यावहारिक सुझावों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका के निर्देश पर मेला प्रशासन द्वारा कुंभ मेला से जुड़े निर्माण एवं विकास कार्यों को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप आगे बढ़ाने के लिए जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और अन्य हितबद्ध लोगों के साथ निरंतर संवाद किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को अपर मेलाधिकारी श्री दयानंद सरस्वती ने अधिकारियों की टीम के साथ शंकर आश्रम चौक तथा पुराना रानीपुर मोड़-परशुराम चौक क्षेत्र का भ्रमण किया।
