निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार आगे बढ़ रहीं तैयारियां, सभी कार्य तय समय पर होंगे पूरे : मेलाधिकारी सोनिका
गुणवत्ता, समयबद्धता के साथ सुविधा, सुरक्षा, सुगमता और सुव्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता

हरिद्वार, 08 सितम्बर
आगामी कुंभ मेला-2027 को भव्य, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए चार जिलों में फैले 32 सेक्टरों वाले मेला क्षेत्र में अवस्थापना विकास की तस्वीर तेजी से बदल रही है। कुंभ से जुड़े 126 कार्यों के लिए अब तक लगभग 709.23 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है और इन योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम तेजी से चल रहा है। वर्षाकाल समाप्त होते ही निर्माण कार्यों को और गति देते हुए युद्धस्तर पर आगे बढ़ाने की पूरी तैयारी मेला प्रशासन ने कर ली है।

मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने मंगलवार को मेला नियंत्रण भवन स्थित सीसीआर सभागार में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में कुंभ मेला की तैयारियों, निर्माण कार्यों और आगामी व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 से जुड़े सभी प्रमुख कार्य निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार चल रहे हैं और सभी कार्य तय समय पर पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कई बड़े निर्माण कार्य शीघ्र पूरे होने की स्थिति में हैं, जबकि सड़क एवं अन्य अवस्थापना विकास की योजनाओं को भी निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

मेलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन के लिए केवल कार्य पूरा कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि निर्धारित गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूरा करना लक्ष्य है। कुंभ की तैयारियों में सुविधा, सुरक्षा, सुगमता और सुव्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। प्रत्येक परियोजना की प्रगति के साथ निर्माण की गुणवत्ता पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।

