
मेला अस्पताल के आसपास अतिक्रमण हटाने और कूड़ा फेंकने वालों पर जुर्माना लगाने के निर्देश

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कलेक्ट्रेट रोशनाबाद अपने कार्यालय कक्ष में जिला चिकित्सालय / चैन राय जिला महिला चिकित्सालय हरिद्वार और मेला (उप जिला) चिकित्सालय की चिकित्सा प्रबंधन समितियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिलाधिकारी ने अस्पतालों में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ व्यवस्थाओं में लगातार सुधार के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही आवश्यक चिकित्सा उपकरण, औषधि, रसायन और सर्जिकल सामग्री की नियमानुसार उचित दरों पर खरीद की जाए।
उन्होंने मेला अस्पताल के भवन में रंग-रोगन, रेलिंग, जनरेटर, सीसी टीवी कैमरे, अग्निशमन उपकारणों के मरम्मत कार्यों, एवं सैनिटाइज, और साफ-सफाई के लिए आवश्यक उपकरणों आदि कार्य हेतु एस्टीमेट (मूल्यांकन) तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा।

जिलाधिकारी ने मेला अस्पताल के आसपास और अस्पताल वाली सड़क के दोनों ओर से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर एवं आसपास कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई किए जाने के निर्देश सम्बंधित अधिकारी को दिए।
