हरिद्वार: अभियांत्रिकी, उद्योग एवं हस्तशिल्प के आराध्य भगवान विश्वकर्मा की जयंती, आज बीएचईएल हरिद्वार में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई । इस अवसर पर बीएचईएल हरिद्वार स्थित विभिन्न वर्कशॉप एवं कार्यालयों में विधिवत ‘श्री विश्वकर्मा पूजन’ किया गया । बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक श्री रंजन कुमार ने विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित पूजन कार्यक्रमों में सम्मिलित होकर भगवान विश्वकर्मा का पूजन किया ।

इस अवसर पर सभी कर्मचारियों को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं देते हुए श्री रंजन कुमार ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, कौशल और कर्मशीलता के प्रतीक हैं । उनकी जयंती हमें अपने कार्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रेरणा देती है । उन्होंने कहा कि बीएचईएल जैसे तकनीकी संस्थान के लिए यह दिवस, तकनीकी उत्कृष्टता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और अधिक सुदृढ़ करने का अवसर है ।
इस पावन अवसर पर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) सुश्री सुमति शर्मा सहित बीएचईएल हरिद्वार के अन्य महाप्रबंधकगण, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे ।
