
मालागांव में स्वामी जी और आचार्य जी।
-स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण के सान्निध्य में होगा हर्बल वर्ल्ड हिमालय (श्री धन्वंतरि धाम)में तीन दिवसीय आयोजन
-हिमालय से लेकर अफ्रीका, यूनान से चीन तक की विविध वनस्पतियों एवं पारंपरिक चिकित्सा विरासत को एक स्थान पर देखने का मिलेगा मौका
-कृषि तकनीक, औषधीय पौधों, जैविक खेती और ग्रामीण उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा
हरिद्वार। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक अंतर्गत मालागांव में 4 से 6 नवंबर तक तीन दिवसीय हर्बल कुंभ : जड़ी-बूटी कृषि मेला एवं धन्वंतरि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। हर्बल वर्ल्ड हिमालय (श्री धन्वंतरि धाम) में आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य किसानों को आधुनिक एवं उन्नत कृषि तकनीकों से जोड़ना, प्राकृतिक और जैविक खेती को प्रोत्साहित करना तथा हिमालयी फसलों और औषधीय पौधों की मूल्य शृंखला को मजबूत कर किसानों के लिए बाजार एवं रोजगार के नए अवसर विकसित करना है।

खास बात यह होगी कि हिमालय से लेकर अफ्रीका और यूनान से चीन तक की विविध वनस्पतियों एवं पारंपरिक चिकित्सास विरासत को एक स्थान पर देखने का मौका मिलेगा।
पतंजलि विश्वविद्यालय के कुलाधिपति स्वामी रामदेव और कुलपति आचार्य बालकृष्ण के मार्गदर्शन में आयोजित इस महोत्सव में कृषि वैज्ञानिकों, विशेषज्ञों, किसानों, उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न संस्थाओं की भागीदारी रहेगी। चार नवंबर को उद्घाटन समारोह में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और धन सिंह रावत शामिल होंगे। दूसरे दिन कैबिनेट मंत्री भगत सिंह चौधरी तथा समापन दिवस पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे.
