*अजय गणपति, ने संभाली एसडीआरएफ उत्तराखण्ड के 11वें सेनानायक के रूप में कमान*
*2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं अजय गणपति, इससे पूर्व जनपद ऊधमसिंहनगर में थे तैनात*
देहरादून। आज अजय गणपति, (आईपीएस) ने एसडीआरएफ उत्तराखण्ड वाहिनी के 11वें सेनानायक के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। वर्ष 2018 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी गणपति इससे पूर्व जनपद ऊधमसिंह नगर में तैनात थे।
कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत सेनानायक ने वाहिनी मुख्यालय में विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों एवं अधिकारियों से मुलाकात कर वाहिनी की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक व्यवस्थाओं, प्रशिक्षण गतिविधियों एवं उपलब्ध संसाधनों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान उन्होंने बल में उच्च स्तर का अनुशासन बनाए रखने, कर्तव्यनिष्ठा एवं पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही, सभी पोस्टों पर पर्याप्त जनशक्ति की उपलब्धता सुनिश्चित करने, रेस्क्यू उपकरणों एवं वाहनों को सदैव कार्यशील एवं सुव्यवस्थित स्थिति में रखने तथा आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया के लिए हर समय तैयार रहने पर बल दिया।
इसके अतिरिक्त, सेनानायक द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वाहिनी की समस्त पोस्टों पर नियुक्त अधिकारियों एवं कार्मिकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी पोस्ट कमांडरों को निर्देशित किया कि किसी भी रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ अपनी टीम की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित किया जाजाए
।उन्होंने कार्मिकों को प्रतिदिन शारीरिक व्यायाम एवं अभ्यास के माध्यम से अपनी शारीरिक दक्षता एवं फिटनेस उच्च स्तर पर बनाए रखने, नशे के सेवन से पूर्णतः दूर रहने तथा प्रत्येक पोस्ट पर अनुशासन एवं मर्यादा बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही, वाहिनी के वाहनों की उचित देखभाल, रखरखाव एवं सदैव परिचालन योग्य स्थिति सुनिश्चित करने तथा सभी कार्मिकों को सौंपे गए दायित्वों का पूर्ण जिम्मेदारी एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करने पर जोर दिया।

बैठक के दौरान सेनानायक अजय गणपति ने समस्त पोस्टों पर नियुक्त अधिकारियों एवं कार्मिकों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं कार्यस्थल पर आ रही कठिनाइयों के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा उनके प्रभावी एवं त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर सेनानायक अजय गणपति ने एसडीआरएफ उत्तराखण्ड की सराहना करते हुए कहा कि एसडीआरएफ उत्तराखण्ड देश की सर्वश्रेष्ठ एसडीआरएफ इकाइयों में से एक है। इस प्रतिष्ठित बल का नेतृत्व करने और इसके साथ कार्य करने को लेकर वे अत्यंत उत्साहित हैं।
उन्होंने कहा कि वाहिनी की गौरवशाली पहचान एवं प्रतिष्ठा को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। भविष्य में बल की कार्यक्षमता, दक्षता एवं व्यावसायिक उत्कृष्टता को और अधिक सुदृढ़ करते हुए एसडीआरएफ उत्तराखण्ड को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व अर्पण यदुवंशी द्वारा लगभग दो वर्ष से अधिक समय तक एसडीआरएफ उत्तराखण्ड का नेतृत्व किया गया। उनके कार्यकाल में वाहिनी ने विभिन्न आपदा एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपनी कार्यक्षमता, समर्पण एवं साहस का परिचय देते हुए अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं।
