कुंभ मेला 2027 को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध : कैड़ा
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और सभी कार्यों को समयबद्धता एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश
साधु-संतों से भी भेंट कर लिया आशीर्वाद
हरिद्वार, 22 अप्रैल 2026
राज्य के शहरी विकास मंत्री श्री राम सिंह कैड़ा ने बुधवार को हरिद्वार का भ्रमण कर कुंभ मेला 2027 की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अनेक प्रमुख संतों से भेंट की और अधिकारियों की बैठक लेकर कुंभ से जुड़े कामों की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने कुंभ से जुड़ी सभी योजनाओं को तेजी से व पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ नगरी हरिद्वार श्रेष्ठ तीर्थधाम होने के साथ ही हमारी आध्यात्मिक राजधानी है। जिसे देखते हुए राज्य सरकार द्वारा हरिद्वार में कुंभ मेला 2027 के दिव्य एवं भव्य आयोजन को लेकर बड़े पैमाने पर तैयारियां शुरू करने के साथ ही इस महा आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।

शहरी विकास मंत्री श्री राम सिंह कैड़ा ने मेला नियंत्रण भवन में अधिकारियों की बैठक लेकर कहा कि कुंभ के महा आयोजन को सुव्यवस्थित व सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं केंद्र सरकार के भरपूर सहयोग से कुंभ के आयोजन को ऐतिहासिक बनाने में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि कुंभ मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा का सर्वोच्च ध्यान रखते हुए इसके लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने सड़कों का सुधार करने तथा पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्थाएं किए जाने पर जोर देते हुए शहरी विकास मंत्री ने ट्रैफिक प्रबंधन की बेहतर योजना बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने घाटों के अनुरक्षण एवं विस्तार के साथ ही स्ट्रीट लाइट्स, टॉयलेट्स की पर्याप्त व्यवस्था किए जाने के भी विशेष निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा में कोई कमी न रहने दी जाए। ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुजन बेहतर अनुभव लेकर जाएं और इस आयोजन से देश-दुनिया को अच्छा संदेश मिले।

उन्होंने कहा कि कुंभ की तैयारियों को सामूहिक जिम्मेदारी के साथ जुटकर पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने साधु-संतों एवं अखाड़ों की सहमति के अनुरूप कुंभ से जुड़ी व्यवस्थाएं करने पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
शहरी विकास मंत्री ने कहा कि कुंभ के दिव्य एवं भव्य आयोजन को लेकर राज्य सरकार द्वारा रु. 300 करोड़ से अधिक की धनराशि की योजनाएं स्वीकृत की जा चुकी हैं और अनेक कार्य अभी भी स्वीकृत किए जा रहे हैं। केंद्र सरकार द्वारा भी पांच सौ करोड़ की धनराशि उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ से जुड़े कामों को तेजी से पूरा करने के लिए निरंतर काम किया जाए और गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। श्री कैड़ा ने कहा कि तमाम कार्यों की निरंतर निगरानी कर प्रगति की समीक्षा की जाएगी। लिहाजा किसी भी स्तर पर कोताही न बरती जाए और सभी विभाग बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करें।
