टिहरी। आज पुलिस लाइन चंबा, जनपद टिहरी गढ़वाल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, श्वेता चौबे की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी एवं सम्मेलन का आयोजन किया गया। गोष्ठी में जनपद के समस्त थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों की उपस्थिति में पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, चारधाम यात्रा के सुचारू संचालन, लंबित विवेचनाओं, मादक पदार्थों की रोकथाम, साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई तथा जन शिकायतों के निस्तारण की स्थिति का गहन विश्लेषण किया गया।

सर्वप्रथम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा कार्मिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पीड़ितों के साथ संवेदनशीलता एवं शालीन व्यवहार करने हेतु निर्देशित किया गया। स्पष्ट किया गया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

चारधाम यात्रा 2026 को दृष्टिगत रखते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं की विशेष समीक्षा की गई तथा यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त साइबर अपराधों के त्वरित निस्तारण, मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्त कार्रवाई, साइबर अपराधों के विरुद्ध जन-जागरूकता अभियान चलाने तथा सड़क सुरक्षा नियमों के कड़ाई से पालन पर विशेष बल दिया गया।

गोष्ठी में पीड़ितों की शिकायतों के त्वरित एवं संवेदनशील निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही सी.एम. हेल्पलाइन एवं अन्य पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। मासिक गोष्ठी के दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा स्वजन गणना के संबंध में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
The post अपराध गोष्ठी में एसएसपी श्वेता चौबे का सख्त रुख: उत्कृष्ट कार्य पर पुरस्कार, लापरवाही पर फटकार first appeared on kamakhyanews.
