वीकेंड व चार धाम के कारण भारी यातायात दबाव में खुद संभाला मोर्चा
साथी कर्मियों को बाँटा रिफ्रेशमेंट व उनकी की हौसला अफजाई
टिहरी। चारधाम व यात्रा सीजन के दौरान श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को दृष्टिगत रखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल, श्वेता चौबे द्वारा आज एक सराहनीय एवं दूरदर्शी पहल की गई।

एसएसपी श्वेता चौबे द्वारा यातायात प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने व आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए 14 पुलिस पेट्रोलिंग यूनिट्स (06 यातायात निदेशालय, 05 सीएसआर से प्राप्त व 03 अन्य) को हरी झंडी दिखाकर फ्लैग ऑफ किया गया। ये बाइक, यात्रा मार्गों पर लगातार गश्त करते हुए यातायात को नियंत्रित करने, जाम की स्थिति को तत्काल समाप्त करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
यात्रा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल की सुविधा एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए हैट (टोपी) एवं रिफ्रेशमेंट का वितरण कर उनकी हौसला अफजाई की गई, जिससे भीषण धूप एवं प्रतिकूल मौसम में ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों को राहत मिल सके और वे अधिक प्रभावी ढंग से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।

यातायात व्यवस्था में सहयोग प्रदान कर रहे वॉलेंटियर्स को टी-शर्ट वितरित कर उन्हें एक समान पहचान दी गई, जिससे वे बेहतर समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं की सहायता सुगमता से कर सकें।
इस अवसर पर एसएसपी श्वेता चौबे स्वयं सड़क पर उतरकर यातायात व्यवस्था की कमान संभालती हुई दिखाई दीं। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा ट्रैफिक को व्यवस्थित एवं नियंत्रित किया। उनकी सक्रियता, नेतृत्व क्षमता एवं संवेदनशीलता से पुलिस बल का मनोबल भी सुदृढ़ हुआ।

एसएसपी द्वारा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि चारधाम यात्रा के दौरान वे पूर्ण सतर्कता, संयम, संवेदनशीलता एवं सेवा भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, जिससे प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सरल एवं सुखद यात्रा अनुभव प्राप्त हो सके।
टिहरी पुलिस द्वारा किए जा रहे इन निरंतर प्रयासों से चारधाम यात्रा मार्गों पर यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हो रहा है तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आवागमन सुनिश्चित हो रहा है।
