ऑपरेशन प्रहार” के तहत अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई तथा महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के दिए निर्देश
थाना परिसर का निरीक्षण कर कर्मचारियों से जानी कुशलक्षेम, साफ-सफाई एवं अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव हेतु दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
टिहरी। जनपद की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, श्वेता चौबे द्वारा आज कोतवाली नरेंद्रनगर, क्षेत्राधिकारी कार्यालय नरेंद्रनगर एवं फायर सर्विस कार्यालय नरेंद्रनगर का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण का उद्देश्य पुलिस एवं अग्निशमन व्यवस्थाओं की कार्यक्षमता, अभिलेखों के रख-रखाव, जनसुविधाओं तथा आपदा प्रबंधन संबंधी तैयारियों का मूल्यांकन करना था।

कोतवाली नरेंद्रनगर के निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, भोजनालय, बैरक, हवालात, सीसीटीएनएस कार्यालय, अभिलेखों के रख-रखाव एवं स्वच्छता व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।
उन्होंने लंबित विवेचनाओं, शिकायतों तथा अपराध नियंत्रण संबंधी कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने, महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा आमजन के प्रति संवेदनशील एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष बल दिया।

इसके उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारी कार्यालय नरेंद्रनगर का निरीक्षण किया तथा कार्यालयीय अभिलेखों, पत्रावलियों एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे आमजन को बेहतर एवं प्रभावी सेवाएं प्रदान की जा सकें।
फायर सर्विस कार्यालय नरेंद्रनगर के निरीक्षण के दौरान उपलब्ध अग्निशमन वाहनों, उपकरणों एवं आपदा प्रबंधन संसाधनों की स्थिति का विस्तृत परीक्षण किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदया ने फायर कर्मियों की तैयारियों, उपकरणों के रख-रखाव तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने आगामी वर्षाकाल एवं संभावित आपदा परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए सभी संसाधनों को पूर्णतः क्रियाशील एवं तत्पर अवस्था में बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदया ने पुलिस एवं फायर कर्मियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना तथा कार्यकुशलता बढ़ाने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, जवाबदेही एवं जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था, पुलिसिंग व्यवस्था एवं जनसेवा को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से ऐसे औचक निरीक्षण भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।
