देहरादून/नैनीताल। नए साल के अवसर पर अवैध शराब की तस्करी, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर पूर्णतः रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं। आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार 25 दिसंबर 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक जनपद देहरादून के मसूरी क्षेत्र के प्रवेश द्वारों तथा जनपद नैनीताल के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।

अनुराधा पाल, आबकारी आयुक्त
आदेश में कहा गया है कि वर्ष के अंत और पर्यटक सीजन को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों से अवैध शराब की आवाजाही की आशंका बढ़ जाती है। इसी के मद्देनज़र आबकारी विभाग द्वारा कुमाऊं और गढ़वाल मंडल में वरिष्ठ अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। अभियान के तहत संयुक्त आबकारी आयुक्त कुमाऊं मंडल, उप आबकारी आयुक्त नैनीताल एवं ऊधमसिंह नगर परिक्षेत्र, सहायक आबकारी आयुक्त मंडलीय एवं जनपदीय प्रवर्तन दल नैनीताल/ऊधमसिंह नगर को जनपद नैनीताल के प्रवेश मार्ग, कालाढूंगी क्षेत्र तथा सभी चेक पोस्टों पर तैनात किया गया है।
