हरिद्वार 03 मार्च 2026। उत्तराखण्ड के राज्यपाल ले.ज.(से.नि.)गुरुमीत सिंह ने लोक भवन में आयोजित तीन दिवसीय बंसतोत्सव 2026 में उत्कृष्ट संचालन एवं संयोजन के लिये ऋषिकुल आयुर्वेद महाविद्यालय के प्रो. डॉ. नरेश चौधरी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया जिसमें लाखों दर्शकों ने पुष्प प्रदर्शनी एवं विभिन्न स्थानीय उत्पादों के स्टालों का भ्रमण कर नजदीकी से लोकभवन देखने का सुनहरा अवसर प्राप्त हुआ।

उक्त आयोजन में प्रदर्शनी के अतिरिक्त विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन हुआ जिसमें प्रतिभाग करने वाले विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। बसंतोत्सव 2026 के उत्कृष्ट संचालन एवं संयोजन के लिए ऋषिकुल आयुर्वेद महाविद्यालय के शरीर रचना विभागाध्यक्ष मेम्बर नेशनल मैनेजिग बॉडी इंडियन रेडक्रास (महामहिम राष्ट्रपति की अध्यक्षता वाली 12 सदस्यीय सर्वोच्च इंडियन रेडक्रास बाडी) प्रो. डॉ. नरेश चौधरी को उत्तराखण्ड के राज्यपाल ले.ज.(सेनि.) गुरुमीत सिंह ने विशेष रूप से प्रतीक चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

राज्यपाल गुरुमीत सिंह ने डॉ. नरेश चौधरी को सम्मानित करते हुए कहा कि अपने मूल दायित्वों का निर्वहन प्रत्येक व्यक्ति करता है परन्तु जो व्यक्ति अपने मूल कार्यों के साथ-साथ अन्य सामाजिक समर्पित सेवा करता है वह विशेष रूप से सम्मान की श्रेणी में आता है। डॉ. नरेश चौधरी की समर्पित सेवा इसका उल्लेखनीय उदाहरण है। इस प्रकार समय-समय पर सम्मान प्राप्त करने वाले व्यक्ति को विशेष रूप से जो प्रोत्साहन मिलता है जिससे वह और अधिक समर्पण से कार्य करने के लिए प्रेरित होकर सामाजिक समर्पित सेवा देने के लिए अग्रसर रहता है।
बसंतोत्सव 2026 के समापन समारोह में उपस्थित उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कृषि मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास, श्रीमती सविता कपूर ने भी डॉ. नरेश चौधरी को विशेष सम्मान के लिए बधाई दी। उत्तराखण्ड के उद्यान एवं कृषि सचिव डॉ. एस.एन. पाण्डेय ने डॉ. नरेश चौधरी द्वारा विभाग को दिये गये उत्कृष्ट एवं सराहनीय सहयोग के लिए विशेष रूप से प्रशंसा करते हुए कहा कि डॉ. नरेश चौधरी को जब भी कोई दायित्व अन्य विभागों द्वारा दिया जाता हो तो उसे वह सहर्ष स्वीकार करते हुए अपनी कर्मठ कार्यशैली के अनुरूप समर्पित भावना से उत्कृष्ट रूप से पूर्ण करते हैं।
