जन प्रहार संगठन यह स्पष्ट रूप से मानता है कि पिटकुल के बहुचर्चित प्रबंध निदेशक श्री प्रकाश चंद्र ध्यानी को पद से हटाया जाना उत्तराखंड उच्च न्यायालय की सख्त टिप्पणियों एवं आदेशों तथा जन प्रहार द्वारा चलाए गए सतत जनआंदोलन का प्रत्यक्ष परिणाम है। जब उच्च न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करते हुए सरकार द्वारा नियमों में परिवर्तन कर पद पर बनाए रखने का प्रयास किया गया, तब जन प्रहार ने इसे न्यायालय की अवमानना एवं पारदर्शिता के विरुद्ध कदम बताते हुए मुखर विरोध दर्ज कराया।
प्रेस वार्ताओं, ज्ञापनों एवं जनजागरण अभियान के माध्यम से इस मुद्दे को प्रदेश की जनता के समक्ष प्रमुखता से उठाया गया। जन प्रहार यह श्रेय उत्तराखंड उच्च न्यायालय की निष्पक्ष न्यायिक व्यवस्था को देता है, जिसने कानून की गरिमा को सर्वोपरि रखा। साथ ही, यह निर्णय दर्शाता है कि जब जनता संगठित होकर आवाज उठाती है तो सरकार को जनभावनाओं और विधि के शासन के आगे झुकना पड़ता है।
