हरिद्वार
महानगर कांग्रेस ने कैबिनेट मंत्री के पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर कोतवाली में एक ज्ञापन भी सौंपा। साथ ही अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले की सीबीआई जांच की मांग भी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने दोहरायी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग उठाई। धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग और वरिष्ठ नेता वरुण बालियान ने कहा कि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति द्वारा बिहार की लड़कियों लिए की गई अभद्र टिप्पणी निंदनीय है, और यह महिलाओं के सम्मान पर सीधा हमला है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं के अपमान को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। इसी मांग को लेकर आज ज्वालापुर कोतवाली में एक पत्र देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है। महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष अंजू मिश्रा, शहर अध्यक्ष लता जोशी ने कहा कि महिलाओं के सम्मान से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।
