देहरादून, 13 फरवरी 2026। उत्तराखंड शासन के गृह अनुभाग-01 द्वारा जारी आदेश के तहत भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) एवं प्रांतीय पुलिस सेवा (पीपीएस) के कुल 20 अधिकारियों के तबादले एवं नई तैनाती की गई है। शासन द्वारा जारी सूची के अनुसार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से उनके वर्तमान पदों से स्थानांतरित करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार एसडीआरएफ में तैनात श्रीमती निवेदिता कुकरेती को पुलिस महानिरीक्षक, एसडीआरएफ का दायित्व दिया गया है। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। हरिद्वार, देहरादून, ऊधमसिंहनगर, अल्मोड़ा सहित विभिन्न जनपदों में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
श्री यशवंत सिंह को सेनानायक, 31वीं वाहिनी पीएसी से प्राचार्य, पीटीसी नरेंद्रनगर बनाया गया है। श्री प्रमेन्द्र डोबाल को हरिद्वार से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि श्री नवनीत सिंह को एसटीएफ से हरिद्वार भेजा गया है।
ऊधमसिंहनगर, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग जनपदों में भी पुलिस अधीक्षकों के स्तर पर फेरबदल किया गया है। श्री अमित श्रीवास्तव को आईआरबी प्रथम रामनगर का सेनानायक नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार कई अधिकारियों को अपराध एवं यातायात शाखा में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
शासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अविलंब कार्यभार ग्रहण करते हुए कार्यभार ग्रहण प्रमाणपत्र पुलिस महानिदेशक, उत्तराखंड के माध्यम से शासन को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
पुलिस विभाग में किए गए इस व्यापक फेरबदल को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इससे कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायता मिलेगी।
