अल्मोड़ा, 13 नवंबर

निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित निर्वाचन संपन्न कराना पूरे प्रशासन का दायित्व : जिलाधिकारी
आगामी विधानसभा निर्वाचन 2027 की तैयारियों के दृष्टिगत जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में समस्त नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन संबंधी विभिन्न व्यवस्थाओं, प्रक्रियाओं एवं चुनाव पूर्व तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही पूर्व में आयोजित बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में हुई प्रगति पर चर्चा करते हुए शेष कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन एक अत्यंत संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया है, जिसे निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना पूरे प्रशासन का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने सभी नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों एवं भूमिकाओं को लेकर पूरी तरह स्पष्ट रहें तथा निर्वाचन से संबंधित समस्त नियमावलियों, दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं का गहन अध्ययन कर लें।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी जिस कार्य के लिए नोडल अथवा सहायक नोडल नामित किया गया है, उससे संबंधित सभी व्यवस्थाओं, आवश्यक संसाधनों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी पूर्व से ही सुनिश्चित कर ले। निर्वाचन कार्यों में किसी भी स्तर पर अस्पष्टता, लापरवाही अथवा अंतिम समय की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए।
