अल्मोड़ा
पार्किंग स्थलों की सफाई एवं प्रबंधन व्यवस्था का लिया जायजा, खाली स्थानों के सदुपयोग हेतु कार्ययोजना बनाने के निर्देश
नगर में अतिरिक्त पार्किंग एवं ऑडिटोरियम निर्माण की संभावनाओं को लेकर विभिन्न स्थलों का किया निरीक्षण
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज मेयर अजय वर्मा के साथ अल्मोड़ा नगर क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नगर के पार्किंग स्थलों का पुनः निरीक्षण करते हुए पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की तथा सफाई व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन एवं खाली पड़े स्थानों के सदुपयोग को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने पूर्व में निरीक्षण के दौरान पार्किंग भवनों के निचले हिस्सों में पाई गई गंदगी एवं खाली पड़े स्थानों की स्थिति का पुनः जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्किंग भवनों के सबसे निचले हिस्सों में उपलब्ध खाली स्थानों का सकारात्मक एवं उपयोगी कार्यों में सदुपयोग करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही पूर्व में दिए गए सफाई संबंधी निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में अन्य स्थानों पर भी जहां कहीं खाली स्थानों में गंदगी अथवा अव्यवस्था की स्थिति है, उसे तत्काल दूर किया जाए। पार्किंग स्थलों की सफाई, रखरखाव एवं प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों एवं आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

