रुद्रपुर

जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने मंगलवार को वर्चुअल माध्यम से मासिक स्टाफ बैठक की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की मॉनिटरिंग की गई और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया।

अभियोजन कार्यों की समीक्षा के दौरान संतोषजनक कार्य न करने पर जिलाधिकारी ने लोक अभियोजक जयपाल सिंह और सीमा रानी का स्पष्टीकरण तलब किया है। भूमि और प्रमाण पत्र मामलों को लेकर ज़िलाधिकारी ने एसडीएम स्तर पर लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि पटवारी की जांच के बाद कानूनगो को भी मौका मुआयना के लिए भेजा जाए तथा सत्यापन रिपोर्ट तत्काल प्रभाव से प्रेषित की जाए। जिलाधिकारी ने ऑनलाइन पोर्टल की नियमित मॉनिटरिंग करने के साथ ही धारा 143 के सभी ऑनलाइन आवेदनों के त्वरित निस्तारण के लिए सभी एसडीएम और तहसीलदारों को नियमित रूप से संबंधित पोर्टल पर लॉगिन करें। जिलाधिकारी ने एसडीएम कोर्ट में 3 से 5 वर्ष से अधिक समय से लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए।
