हरिद्वार, 06 जुलाई
जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 90 शिकायतें एवं समस्याएं प्राप्त हुईं, जिनमें से 48 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को आवश्यक कार्रवाई एवं समयबद्ध निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।

जनसुनवाई में भूमि विवाद, राशन कार्ड, विद्युत, पेयजल, जलनिकासी, अतिक्रमण सहित विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित। जन सुनवाई कार्यक्रम में आये फरयादी सलेमपुर मेहदूद निवासी ज्ञानचंद ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी खाली पड़ी भूमि पर कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर कबाड़ रखा गया है। उन्होंने भूमि को कब्जामुक्त कराते हुए अवैध कबाड़ हटवाने की मांग की।
ग्राम पंचायत हरजौलीजट, विकासखंड नारसन के ग्राम प्रधान ने बताया कि पंचायत क्षेत्र में मार्गों के सौंदर्यीकरण एवं इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण कार्य का कुछ लोगों द्वारा विरोध किया जा रहा है तथा कार्य में लगे लोगों को गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने पुलिस बल की उपस्थिति में निर्माण कार्य संपन्न कराने की मांग की।

भगवानपुर क्षेत्र के एक 70 वर्षीय बुजुर्ग ने शिकायत की कि पैतृक आम के बाग में उनके हिस्से की तैयार फसल को विपक्षी द्वारा जबरन तोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि थाना स्तर पर सूचना देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई तथा अपने हिस्से की फसल की सुरक्षा एवं उचित कार्रवाई की मांग की।
ग्राम भोगपुर निवासी अर्जुन कुमार ने बीएसएनएल विभाग में जनरेटर ऑपरेटर के रूप में कार्य करने के दौरान आठ माह के लंबित वेतन का भुगतान कराए जाने की मांग की। कनखल निवासी उमा सिपाहा ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा रोकने तथा सड़क निर्माण कराए जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया।

