हरिद्वार। हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र में एक तीरंदाजी कोच पर 14 वर्षीय छात्रा से कथित तौर पर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता एक नामी स्कूल की छात्रा है।
आरोप है कि डरा धमकाकर कोच ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया और किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के बयान दर्ज कराते हुए मेडिकल भी कराया गया है। जल्द ही मामले में आरोपी की गिरफ्तारी की जा सकती है।
पुलिस के मुताबिक, कनखल क्षेत्र के एक नामी स्कूल में कोच छात्र छात्राओं को तीरंदाजी सिखाता है। क्षेत्र की ही एक छात्रा यहां तीरंदाजी सीख रही थी। आरोप है कि आरोपी ने पिछले साल अक्टूबर के महीने में छात्रा को धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही किसी को बताने पर तरह तरह की धमकियां भी दी।
घटना के बाद छात्रा को चुप रहने के लिए धमकाया, जिसके चलते वह कई महीनों तक किसी से कुछ नहीं कह सकी। अब उसने किसी तरह हिम्मत जुटाकर परिजनों को घटना के बारें में जानकारी दी।
इसके बाद पिता ने पीड़िता को साथ ले जाकर कनखल थाने में तहरीर दी और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। बताया जा रहा है कि आरोपी मूलरूप से हरियाणा का निवासी है और कनखल क्षेत्र के एक स्कूल में तीरंदाजी का प्रशिक्षण देता है।
कनखल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़िता का मेडिकल कराया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।
