अतिक्रमण हटाने एवं विशेष सफाई व्यवस्था के दिए निर्देश, घाटों पर तैनात रही पशु नियंत्रण टीम
हरिद्वार। सोमवती अमावस्या स्नान पर्व के अवसर पर नगर आयुक्त श्री नंदन कुमार द्वारा हरिद्वार के विभिन्न गंगा घाटों एवं मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान रोड़ी बेलवाला, हाथी पुल, सुभाष घाट, नाई घाट, संजय पुल, घंटाघर, तिरछा पुल, सीसीआर घाट एवं शिव घाट सहित विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया गया।

इस दौरान नगर आयुक्त महोदय ने नगर निगम की टीम को स्नान पर्व के दृष्टिगत घाटों एवं मेला क्षेत्र में विशेष सफाई व्यवस्था बनाए रखने तथा अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन एवं स्नान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
नगर आयुक्त द्वारा अपर रोड का भी निरीक्षण किया गया। यहां अतिक्रमण हटाने एवं सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए संबंधित सफाई निरीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए गए।

नगर आयुक्त के निर्देशों के क्रम में नगर निगम की टीम द्वारा मेला क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई तथा घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की गई। इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घाटों पर नगर निगम की पशु नियंत्रण टीम को भी तैनात रखा गया।

इस दौरान मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक प्रशांत कुमार एवं धीरेंद्र सेमवाल सहित नगर निगम की टीम व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में सक्रिय रही।

