
*केंद्र पोषित योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें अधिकारी: अनिल बलूनी*
*पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध पहुंचे जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ: अनिल बलूनी*
*दिशा की बैठक में पीएमजीएसवाई, पीएम आवास, जल जीवन मिशन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन समेत विभिन्न योजनाओं की समीक्षा*

रुद्रप्रयाग। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार रुद्रप्रयाग में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सांसद ने केंद्र पोषित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत संचालित सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सांसद ने वन विभाग एवं पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने से ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।

