जिलाधिकारी ने महिला समूह को डिहाइड्रेटर तथा ग्रेडिंग मशीन दी, घीड़ी में शहीद पार्क होगा स्वीकृत
महिला समूह की आजीविका गतिविधियों से लेकर विद्यालयी व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण, घीड़ी में ग्रामीणों से संवाद कर सुनी समस्याएं
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने आज क्षेत्र भ्रमण के दौरान ल्वाली और घीड़ी पहुंचकर विभिन्न विकास कार्यों, आजीविका गतिविधियों, विद्यालयी व्यवस्थाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और फीडबैक की जानकारी ली।

ल्वाली में जिलाधिकारी ने साधना स्वायत्त सहकारिता द्वारा संचालित संग्रहण केंद्र का अवलोकन किया। उन्होंने जिला स्तरीय फेडरेशन के सहयोग से संचालित पशु आहार एवं स्थानीय उत्पादों के विक्रय की जानकारी ली। महिलाओं से संवाद करते हुए उन्होंने उनकी आजीविका गतिविधियों, आय, उत्पादों के संग्रहण, प्रसंस्करण और विक्रय की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि केंद्र पर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के उत्पादों को संग्रहित कर विक्रय के लिए रखा जाता है।

महिलाओं ने उत्पादों की गतिविधियों को और बेहतर बनाने के लिए झाड़ी कटान हेतु बुश कटर, उत्पादों के संरक्षण के लिए डीहाइड्रेटर तथा ग्रेडिंग के लिए मशीन की आवश्यकता बतायी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक उपकरणों के लिए प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आजीविका गतिविधियों को स्थानीय संसाधनों और बाजार की मांग के अनुरूप और अधिक विविधीकृत किया जाए, ताकि महिलाओं की आय में वृद्धि हो सके।

इसके बाद जिलाधिकारी ने राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय ल्वाली का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रधानाध्यापक कक्ष सहित विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा विद्यालय में आयोजित बाल मेले का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपनी प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न मॉडलों के बारे में जिलाधिकारी को जानकारी दी। उन्होंने विद्युत परिपथ, पृथ्वी के स्थलरूप, वर्षा जल संरक्षण, वायुमंडल की परतों, द्विविमीय से त्रिविमीय आकृतियों के निर्माण, औषधीय पौधों और नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों सहित विभिन्न विषयों पर तैयार मॉडलों का अवलोकन किया।
