रोड़ी बेलवाला में जनसुविधाओं, घाटों और आस्था पथ के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
दूधाधारी चौक-ज्वालापुर सड़क के नवीनीकरण के कामों में सभी हितबद्ध लोगों के सुझावों को प्राथमिकता
हरिद्वार, 09 सितंबर
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देने के साथ ही हरिद्वार की पौराणिक एवं धार्मिक विरासत के संरक्षण और सौंदर्यीकरण पर मेला प्रशासन विशेष ध्यान दे रहा है। इसी क्रम में मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने पौराणिक भीमगोड़ा कुंड के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण का जिम्मा हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) को सौंपते हुए कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं।

मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने भीमगोड़ा क्षेत्र का भ्रमण कर पौराणिक भीमगोड़ा कुंड का स्थलीय निरीक्षण किया और इसके जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तार से विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि भीमगोड़ा कुंड की प्राचीनता, धार्मिक महत्ता और ऐतिहासिक विरासत को देखते हुए इसके संरक्षण, संवर्धन एवं बेहतर रख-रखाव पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है।

उन्होंने एचआरडीए के सचिव श्री प्रत्यूष सिंह को कुंड के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण की योजना एवं डिजाइन को आवश्यक अनुमोदन के बाद तत्काल कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कुंड की सफाई एवं जलापूर्ति की बेहतर व्यवस्था, सीढ़ियों के सुधार, क्षतिग्रस्त पत्थरों को बदलने तथा रेलिंग एवं अन्य संरचनाओं को सुव्यवस्थित करने को कहा। साथ ही आकर्षक प्रवेश द्वार बनाने, परिसर में स्थित मंदिरों एवं अन्य धार्मिक संरचनाओं का सौंदर्यीकरण तथा प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मेलाधिकारी ने आसपास के भवनों के अग्रभाग (फसाड) को निर्धारित थीम के अनुरूप विकसित करने को कहा। उन्होंने कुंड के प्रवेश द्वार के समीप ऑटो एवं ई-रिक्शा की अनियोजित पार्किंग पर रोक लगाने तथा इनके लिए अन्य उपयुक्त स्थान पर पार्किंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र को अतिक्रमणमुक्त रखने और बेतरतीब निर्माण पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए।
मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने मंगलवार को देर सायं तक कुंभ मेला-2027 से जुड़े विभिन्न कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। मेलाधिकारी ने रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में कुंभ मेला-2027 के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण कर नसमतलीकरण कार्य को शीघ्र पूरा करने तथा इसके बाद सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था, शौचालयों की स्थापना एवं अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
