पेयजल, सीवर लाइन एवं भूमिगत केबलिंग से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश
हरिद्वार, 24 सितंबर
मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने गुरुवार को कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी स्वीकृत कार्यों को तेजी से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा होने के साथ उसकी गुणवत्ता भी सुनिश्चित की जाए। कार्यों में अनावश्यक विलंब अथवा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में मेलाधिकारी ने सड़कों, पुलों एवं घाटों के अनुरक्षण तथा निर्माण कार्यों के साथ ही अन्य अवस्थापना विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि विभिन्न विभागों के कार्यों में आपसी समन्वय बनाए रखते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला क्षेत्र में चल रहे अवस्थापना विकास कार्यों का उद्देश्य श्रद्धालुओं एवं आमजन के लिए सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना है, इसलिए प्रत्येक कार्य की प्रगति के साथ उसकी गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

मेलाधिकारी ने पेयजल एवं सीवर लाइन तथा भूमिगत केबलिंग के कार्यों के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल समुचित मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरम्मत इस प्रकार की जाए कि बाद में सड़क धंसने की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता के संबंध में लिखित प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला क्षेत्र में सड़कों के नवीनीकरण का कार्य शुरू होने से पहले ऐसे सभी कार्य अविलंब पूरे कर लिए जाएं, ताकि बाद में सड़कों को दोबारा खोदने की आवश्यकता न पड़े और इन कार्यों के कारण कुंभ मेला से संबंधित निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता प्रभावित न हो।
