हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में कैबिनेट की अहम बैठक होने जा रही है। कुंभ नगरी में होने वाली इस बैठक को आगामी कुंभ मेले की तैयारियों और प्रदेश सरकार के महत्वपूर्ण फैसलों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।
बैठक में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट के सभी मंत्री हरिद्वार पहुंच चुके हैं। कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री और सभी मंत्रियों ने हरकी पैड़ी स्थित ब्रह्मकुंड पर मां गंगा की पूजा अर्चना की और प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की। गंगा पूजन के बाद मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के सदस्य मेला नियंत्रण भवन पहुंचेंगे, जहां कैबिनेट की बैठक आयोजित की जाएगी।
हरिद्वार में कैबिनेट बैठक का आयोजन ऐसे समय में हो रहा है, जब वर्ष 2027 में होने वाले कुंभ मेले की तैयारियां तेजी से आगे बढ़ाई जा रही हैं। कुंभ मेले को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े कई काम किए जा रहे हैं। ऐसे में कैबिनेट बैठक में कुंभ की तैयारियों को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की उम्मीद है। इसके साथ ही प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दों और विभिन्न विभागों के प्रस्तावों पर भी मंत्रिमंडल की नजर रहेगी।
