कोतवाली नगर पुलिस ने 7.966 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ 01 ड्रग्स तस्कर दबोचा
कहाँ से लाया था ये खेप, पुलिस कर रही गहन जांच पड़ताल
हरिद्वार पुलिस का नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है
नशा मुक्त समाज की दिशा में हरिद्वार पुलिस प्रतिबद्ध है
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार, नवनीत सिंह के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के अंतर्गत, पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर कुन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में कोतवाली नगर पुलिस ने नशा तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को भारी मात्रा में अवैध गांजे के साथ दबोचा।
रात्रि में पुलिस टीम सर्वानंद घाट पार्किंग क्षेत्र में गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पार्किंग के पीछे स्थित खाली प्लॉट से झुग्गी बस्ती की ओर जाते समय पुलिस टीम की टॉर्च की रोशनी में एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह अपने पास रखा बैग उठाकर भागने लगा।

नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी हरिद्वार
संदेह होने पर पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से पत्तीदार पदार्थ बरामद हुआ, जिसकी जांच एवं वजन करने पर कुल 7.966 किलोग्राम अवैध गांजा पाया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रमोद साहनी पुत्र रामबिलास साहनी निवासी खुड़बुड़ा मोहल्ला, कांवली रोड, कोतवाली नगर, जनपद देहरादून तथा वर्तमान पता बंगाली बस्ती, मोतीचूर, थाना रायवाला, जिला देहरादून बताया।
आरोपी के विरुद्ध कोतवाली नगर हरिद्वार में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
