प्रभारी सचिव ने विकास भवन में की विकास योजनाओं की समीक्षा
हरिद्वार, 1 जुलाई,
जनपद प्रभारी सचिव वीके संत ने बुधवार को विकास भवन सभागार में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करें।

बैठक में स्वास्थ्य, ग्राम्य विकास, शिक्षा, बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, समाज कल्याण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा जल जीवन मिशन सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। स्वास्थ्य विभाग को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सभी पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
प्रभारी सचिव ने जी राम जी योजना के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों को निर्धारित अवधि तक रोजगार उपलब्ध कराने, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के लाभार्थियों को नियमित रूप से राशन वितरण सुनिश्चित करने तथा जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं जनपद में चिकित्सकों की कमी को दूर कर स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने का भी आश्वासन दिया।
बैठक में प्रभारी सचिव ने जनपद में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर अधिकारियों की सराहना करते हुए इसी उत्साह के साथ कार्य जारी रखने को कहा।
