स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत–विकसित भारत थीम पर जनभागीदारी से चलेंगे विशेष अभियान
हरिद्वार, 17 सितम्बर
भारत सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के निर्देशों के क्रम में जनपद हरिद्वार में 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2026 तक “स्वच्छता ही सेवा–2026 (SHS-2026)” अभियान का व्यापक आयोजन किया जाएगा।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशानुसार अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी नगर निकायों, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों सहित सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता एवं जनजागरूकता से जुड़ी विविध गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
अभियान की थीम “स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” रखते हुए स्वच्छता को जन आंदोलन का स्वरूप देने पर विशेष बल दिया जाएगा। अभियान के प्रथम चरण में विद्यालयों में स्वच्छता शपथ, स्वच्छता जागरूकता रैली, चित्रकला, वाद-विवाद एवं निबंध प्रतियोगिताएँ, स्वच्छता ज्ञान कार्यशालाएँ तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) नियम-2026 पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। विद्यार्थियों को जल संरक्षण, कचरा पृथक्करण तथा रिड्यूस, रीयूज़ एवं रीसाइकिल (3R) के महत्व से भी अवगत कराया जाएगा।
