‘विजयी भवः’ के उद्घोष के साथ शुरू हुआ 76वीं जनपदीय विद्यालयी शीतकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता ‘गढ़देवा 2026-27’ का आग़ाज़
जिलाधिकारी ने किया शुभारंभ, 15 विकासखंडों के खिलाड़ी कर रहे हैं प्रतिभाग
पौड़ी। “विजयी भवः” के उद्घोष, खिलाड़ियों के जोश और खेल भावना से बुधवार को शहीद राइफलमैन महावीर चक्र जसवंत सिंह स्टेडियम रांसी गूंज उठा। जिला मुख्यालय स्थित स्टेडियम में 76वीं जनपदीय विद्यालयी शीतकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता ‘गढ़देवा 2026-27’ का उत्साहपूर्ण शुभारंभ जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस दौरान उन्होंने खेल ध्वज फहराया और जनपद के सभी 15 विकासखंडों से पहुंचे खिलाड़ी दलों की मार्चपास्ट की सलामी ली। खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और पूरी निष्ठा के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की शपथ ली।
प्रतियोगिता के दौरान 7 से 10 अक्टूबर तक विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। जनपद के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे छात्र-छात्राएं इन स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पौड़ी की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का रंग भर दिया।

प्रतियोगिता के अंतर्गत विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है। इनमें 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर एवं 5000 मीटर दौड़ के साथ क्रॉस-कंट्री और 4×100 मीटर रिले दौड़ शामिल हैं। इसके अलावा लंबी कूद, त्रिकूद, ऊंची कूद, भाला फेंक, गोला फेंक और चक्का फेंक की स्पर्धाएं भी आयोजित की जा रही हैं।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों का उत्साह और उमंग प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलों में भागीदारी बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

खेल न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रखते हैं, बल्कि चुनौतियों का सामना करने, दबाव को नियंत्रित करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की क्षमता भी विकसित करते हैं।
