अल्मोड़ा, 23 मई 2026
संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा दिनांक 24 मई 2026 को जनपद अल्मोड़ा में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। परीक्षा के लिए जनपद में कुल 6 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 1396 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।

इन परीक्षा केंद्रों में रैमजे इंटर कॉलेज, अल्मोड़ा इंटर कॉलेज, एडम्स इंटर कॉलेज , सोबन सिंह जीना विवि लोवर कैंपस, सोबन सिंह जीना विवि मिडिल कैंपस तथा सोबन सिंह जीना विवि अपर कैंपस शामिल हैं।

परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज नामित सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक कर आवश्यक
दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को परीक्षा की गोपनीयता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा कार्य को पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर समय से व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं तथा परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी, पर्याप्त सुरक्षा बल, प्रवेश व्यवस्था एवं परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों के पालन को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए।
