टिहरी। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने आज टिहरी क्षेत्रानगत ढालवाला क्षेत्र में संचालित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) एवं चन्द्रभागा नदी पर चल रहे चैनेलाइजेशन कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा समयबद्धता का जायजा लेते हुए कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिये।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ढालवाला-चोरपानी स्थित 5 एमएलडी क्षमता वाले एसटीपी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्लांट में संचालित विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की तथा शोधन के उपरांत निकलने वाले जल की गुणवत्ता का परीक्षण भी किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित तकनीकी एवं संचालन कार्मिकों से विस्तृत चर्चा कर प्लांट की कार्यप्रणाली, रखरखाव एवं संचालन व्यवस्था की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने ढालवाला क्षेत्र में निर्माणाधीन 8 एमएलडी क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अवशेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि योजना का लाभ निर्धारित समय में क्षेत्र को प्राप्त हो सके।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने चन्द्रभागा पुल के समीप प्रस्तावित एसटीपी हेतु चयनित भूमि का भी अवलोकन किया तथा परियोजना से सम्बंधी आवश्यक जानकारियां प्राप्त कीं।
जिलाधिकारी ने चन्द्रभागा नदी पर चल रहे चैनेलाइजेशन कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यस्थल पर उपलब्ध मशीनरी एवं संसाधनों की समीक्षा करते हुए कार्यों में और अधिक गति लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग एवं लोक निर्माण विभाग की जेसीबी मशीनें कार्यरत पाई गईं। जिलाधिकारी ने आरबीएनएल की मशीनों को भी शीघ्र कार्यस्थल पर लगाने तथा जेसीबी मशीनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए, जिससे सुरक्षा संबंधी कार्यों को तेजी से पूरा किया जा सके।

उन्होंने जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को निर्देश दिये कि उप जिलाधिकारी नरेंद्रनगर के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यों की नियमित प्रगति रिपोर्ट प्राप्त करें तथा कार्यों की निगरानी सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून अवधि को दृष्टिगत रखते हुए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करें।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष चन्द्र घिल्डियाल, तहसीलदार अयोध्या प्रसाद उनियाल, डीडीएमओ बृजेश भट्ट सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
