हरिद्वार :हरिद्वार श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा द्वारा उत्तराखंड के चार धामों सहित समस्त पौराणिक और गुमनाम तीर्थों के दर्शन व पूजन के लिए निकाली जाने वाली पावन पवित्र छड़ी यात्रा इस वर्ष 7 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ होगी। यह दिव्य यात्रा 30 अक्टूबर 2026 तक चलेगी।
जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक श्रीमहंत हरि गिरि जी महाराज के नेतृत्व में संतों के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके देहरादून स्थित आवासीय कार्यालय में भेंट की। प्रतिनिधिमंडल में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत रवींद्र पुरी जी महाराज (निरंजनी अखाड़ा), हिमालय पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर वीरेंद्रानंद गिरि जी महाराज, जूना अखाड़े के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमहंत महेश पुरी जी महाराज, श्रीमहंत नीलकंठ गिरि जी महाराज तथा जूना अखाड़े के मीडिया प्रभारी गोपाल सिंह रावत शामिल रहे।
संतों ने मुख्यमंत्री से पवित्र छड़ी यात्रा को निर्धारित शुभ मुहूर्त में हरिद्वार के अधिष्ठात्री देवी माया देवी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ प्रारंभ करने का अनुरोध किया, जिस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी सहर्ष सहमति प्रदान करते हुए यात्रा की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
