हरिद्वार नगरीय क्षेत्र से लेकर तहसील क्षेत्रों तक जिलाधिकारी के निर्देशन में सरकारी भूमि एवं फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया
ललतारौ पुल से अपर रोड तक जिला प्रशासन एवं नगर निगम की टीम द्वारा मार्ग एवं नालियों के ऊपर किए गए 80 से अधिक अस्थाई अतिक्रमण को हटाया गया

हरिद्वार 03 जून 2026
सरकारी भूमि पर किसी भी दशा में कोई अतिक्रमण न हो इसके लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा सख्त निर्देश दिए गए है,मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में
आज नगर निगम क्षेत्रांतर्गत एवं तहसील क्षेत्रांतर्गत सरकारी भूमि, सड़क एवं नालियों के ऊपर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया।

जिला प्रशासन एवं नगर निगम की टीम द्वारा ललतारो पुल से अपर रोड तक व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मार्ग एवं नालियों पर किए गए 80 से अधिक अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया।
इस अभियान के दौरान कुछ स्थानीय व्यापारियों द्वारा कार्यवाही में गत्यवरोध उत्पन्न करने का प्रयास किया गया, किन्तु पुलिस प्रशासन के सहयोग से अभियान को सफलतापूर्वक जारी रखते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही पूर्ण की गई।

नगर निगम एवं जिला प्रशासन की ओर से सभी संबंधित व्यक्तियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि भविष्य में नाली के ऊपर अथवा नाली की सीमा से बाहर किसी भी प्रकार का सामान, निर्माण सामग्री अथवा व्यावसायिक सामग्री रखी जाती है तो उसे तत्काल जब्त करते हुए नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। साथ ही बार-बार अतिक्रमण किए जाने की स्थिति में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध तहरीर देकर विधिक कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाएगी।

अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हरगिरी, उपजिलाधिकार योगेश मेहरा, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल, पुलिस प्रशासन तथा नगर निगम हरिद्वार की टीम उपस्थित रही। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनहित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

रुड़की में कलियर से लेकर धनोरी तक यूपी सिंचाई विभाग की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया
संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने अवगत कराया है कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में तहसील प्रशासन,पुलिस द्वारा आज कलियर से लेकर धनोरी तक उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की भूमि पर किए गए अतिक्रमण,जिसमें सड़क किनारे लगाए गए लगभग 200 से अधिक अवैध रूप से संचालित हो रही रेहड़ी, ठेली एवं खोखे को भी हटाया गया तथा 03 स्थाई अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया।

लक्सर बाजार से भी हटाया गया अतिक्रमण
उप जिलाधिकारी लक्सर अनिल शुक्ला ने अवगत कराया है कि लक्सर बाजार में सड़क किनारे, फुटपाथ एवं नालियों के ऊपर किए गए अतिक्रमण को जिला प्रशासन की टीम द्वारा हटाया गया तथा इस दौरान 05 लोगों के चालान भी किए गए तथा सभी लोगों को चेतावनी दी गए कि सड़क किनारे,फुटपाथ एवं नालियों के ऊपर किसी भी दशा में अतिक्रमण न किया जाए।

तहसील भगवानपुर में कल चलाया जाएगा अतिक्रमण हटाओ अभियान
उप जिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी ने अवगत कराया है कि तहसील प्रशासन द्वारा आज भगवानपुर तहसील क्षेत्रांतर्गत किए गए अतिक्रमण को स्वयं से हटाने के लिए लाउडस्पीकर के माध्यम से सभी को अवगत कराया गया कि यदि सड़क,नालियों एवं फुटपाथ से अतिक्रमण को स्वयं नहीं हटाया गया तो तहसील प्रशासन द्वारा कल से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जायेगा।

