अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने पिछली मध्य रात्रि विभिन्न निर्माण स्थलों का किया निरीक्षण
कंट्रोल रूम और ऑनलाइन माध्यमों से कार्यों की प्रगति पर नजर, कमियां मिलने पर तत्काल निर्देश
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के लिए मेला प्रशासन ने निर्माण कार्यों की निगरानी तेज कर दी है। प्रमुख परियोजनाओं में आवश्यकता के अनुसार दिन और रात की पाली में कार्य कराया जा रहा है।

कंट्रोल रूम से प्राप्त रिपोर्ट, ऑनलाइन माध्यमों से उपलब्ध जानकारी और स्थलीय निरीक्षण के जरिए निर्माण कार्यों की प्रगति पर निरंतर नजर रखी जा रही है। समीक्षा के आधार पर उच्चाधिकारी संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को आवश्यक निर्देश जारी कर रहे हैं।
इसी क्रम में मेलाधिकारी, सोनिका के निर्देशानुसार अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने पिछली मध्य रात्रि विभिन्न निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने खड़खड़ी में सूखी नदी पर निर्माणाधीन पुल तथा भूपतवाला से जटवाड़ा पुल तक पुरानी दिल्ली-नीति पास मार्ग पर चौड़ीकरण, फुटपाथ निर्माण और अन्य संबंधित कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। साथ ही घाटों पर चल रहे निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी ने प्रमुख निर्माण कार्यों में आवश्यकता के अनुरूप श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो तथा निर्धारित समयसीमा का पालन करते हुए गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखा जाए। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से तृतीय पक्ष से जांच कराने पर भी जोर दिया।
