कामाख्या न्यूज
हरिद्वार। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में जनपद हरिद्वार में संचालित लक्ज़री स्लीपर बसों के विरुद्ध दिनांक 28 एवं 29 जून को विशेष सघन प्रवर्तन अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान विभिन्न मार्गों पर संचालित लक्ज़री स्लीपर बसों की परमिट शर्तों, फिटनेस, संरचनात्मक सुरक्षा, तकनीकी मानकों एवं अन्य वैधानिक अभिलेखों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान अनेक बसों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम एवं नियमों के अंतर्गत कठोर कार्रवाई की गई।
दो दिवसीय अभियान के दौरान कुल 80 चालान किए गए तथा गंभीर अनियमितताओं के कारण 12 बसों को सीज़ किया गया। इसके अतिरिक्त 15 बसें परमिट की शर्तों के विरुद्ध संचालित पाई गईं, जिनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।

तकनीकी निरीक्षण के दौरान 2 बसें ऐसी पाई गईं जिनकी स्थिति सड़क सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत असंतोषजनक थी, जिसके फलस्वरूप उनके फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त किए जाने की संस्तुति की गई। वहीं 12 बसों में स्वीकृति के विपरीत संरचनात्मक परिवर्तन पाए गए। इन सभी वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई करते हुए उनके फिटनेस प्रमाणपत्र निरस्त किए जाने की भी संस्तुति की गई है।
