हरिद्वार। सामाजिक सेवा एवं महिला स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रोटरी हरद्वार एवं इनर व्हील हरिद्वार ने CPAA संस्था के सहयोग से सरस्वती शिशु मंदिर की 112 छात्राओं को निःशुल्क HPV वैक्सीन लगाई।

इस अभियान का उद्देश्य किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव तथा उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करना था। कार्यक्रम के अंतर्गत आवश्यक HPV वैक्सीन CPAA संस्था द्वारा उपलब्ध कराई गई, जबकि वैक्सीनेशन की संपूर्ण व्यवस्था रोटरी हरद्वार एवं इनर व्हील हरिद्वार द्वारा की गई।

इसके साथ ही छात्राओं को री-यूजेबल सैनिटरी नैपकिन भी उपलब्ध कराए गए, जिन्हें CPAA संस्था की ओर से प्रदान किया गया। इस पहल के माध्यम से किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता को एक साथ बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।
विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि प्रत्येक HPV वैक्सीन की कीमत लगभग ₹4,500 तथा प्रत्येक री-यूजेबल सैनिटरी नैपकिन की कीमत ₹800 है। इस प्रकार दोनों स्वास्थ्य सुविधाएं छात्राओं को पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। 112 छात्राओं के लिए इन दोनों सुविधाओं का कुल अनुमानित मूल्य ₹5.94 लाख है।

कार्यक्रम में रोटरी हरद्वार की ओर से अध्यक्ष डॉ. नील माधव साहू, सचिव धर्मेंद्र एस. मंधाता, उपाध्यक्ष गंगाधर नायक, पूर्व अध्यक्ष डॉ. आलोक सारस्वत, पूर्व अध्यक्ष पंकज पांडे, पूर्व सह मंडलाध्यक्ष गौरव गुप्ता एवं पूर्व अध्यक्ष राजीव राय उपस्थित रहे।
