हरिद्वार। कांवड़ यात्रा और गंगा घाटों को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में हरिद्वार में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई सामने आई है। नगर निगम, तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को खड़खड़ी स्थित बैरागी धर्मशाला के सामने नानक चंद के गोदाम पर छापा मारकर करीब 5,000 किलोग्राम प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक बरामद कर ली। मौके पर पूरी खेप जब्त करते हुए आरोपी पर ₹1 लाख का चालान भी ठोक दिया गया।

जानकारी के अनुसार नगर निगम को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि घाट क्षेत्र और आसपास के इलाकों में पॉलीथीन बेचने वाले छोटे कारोबारियों को इसी गोदाम से बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित प्लास्टिक की सप्लाई की जा रही थी। यही प्लास्टिक गंगा स्नान, पर्व स्नान और बड़े आयोजनों के बाद गंगा तटों पर प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण बन रही थी।
सूचनाओं की पुष्टि होने के बाद नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में सुनियोजित रणनीति बनाई गई। इसके बाद उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, तहसीलदार सचिन कुमार तथा पुलिस और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने गोदाम पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक मिलने से मौके पर हड़कंप मच गया।

कार्रवाई में मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, मुख्य सफाई निरीक्षक मनोज कुमार, उप निरीक्षक नवीन नेगी सहित नगर निगम, तहसील प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने साफ कहा कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी इसी तरह सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए प्रशासन का अभियान अब और तेज़ होने वाला है।
