“ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली गदरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अपराधियों में मचा हड़कंप”
04 करोड़ 54 लाख रुपये के असली एवं नकली नोट बरामद
कई गड्डियों में ऊपर असली और नीचे “चिल्ड्रन बैंक ऑफ़ इंडिया” के नकली नोट मिले
एसएसपी अजय गणपति के कुशल निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध लगातार चल रही सख्त कार्रवाई
अपराध के विरुद्ध एसएसपी अजय गणपति का सख्त अभियान
उधमसिंह नगर। मुख्यमंत्री उत्तराखंड, पुष्कर सिंह धामी के अपराध एवं भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस विजन को प्रभावी रूप से लागू करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर, अजय गणपति द्वारा जनपद में अपराधियों, आर्थिक अपराधों में संलिप्त गिरोहों, अवैध कारोबारियों एवं कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध लगातार कठोर अभियान चलाया जा रहा है।
एसएसपी अजय गणपति द्वारा जनपद के समस्त थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि नकली नोट, नशा, संगठित अपराध, अवैध कारोबार एवं आमजन की सुरक्षा को प्रभावित करने वाले अपराधों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इसी क्रम में जनपद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लगातार संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। अभियान के अंतर्गत गदरपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश-निर्देशों के क्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध/पुलिस अधीक्षक काशीपुर तथा क्षेत्राधिकारी बाजपुर के कुशल पर्यवेक्षण एवं एसएचओ गदरपुर के नेतृत्व में कोतवाली गदरपुर पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति/वस्तु/वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि सैफ्टा फार्म रोड पर पंचपुरी गूलरभोज के पास स्थित एक खोखे में कुछ व्यक्ति भारी मात्रा में संदिग्ध नोटों के साथ मौजूद हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दबिश दी गई। पुलिस टीम द्वारा मौके पर मौजूद दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ एवं तलाशी ली गई, जिनके कब्जे से भारी मात्रा में असली एवं नकली नोट बरामद हुए।
ऊपर असली नोट, नीचे नकली नोट — देखकर पुलिस भी रह गई हैरान
बरामद नोटों की जांच करने पर पाया गया कि कई गड्डियों में ऊपर भारतीय रिजर्व बैंक के असली 500 रुपये के नोट लगाए गए थे, जबकि नीचे “चिल्ड्रन बैंक ऑफ़ इंडिया” अंकित नकली नोट रखे गए थे, जिससे आम लोगों को आसानी से धोखा दिया जा सके। पुलिस द्वारा मौके से कुल लगभग 04 करोड़ 54 लाख रुपये मूल्य के असली एवं नकली नोट बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में यह मामला बड़े स्तर पर नकली नोटों को खपाने एवं आर्थिक अपराध से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।

अजय गणपति, एसएसपी उधमसिंह नगर
अभियुक्तों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज
बरामदगी एवं पूछताछ के आधार पर कोतवाली गदरपुर में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। यह जानकारी जुटाई जा रही है कि उक्त नकली नोट कहां से लाए किन लोगों के माध्यम से इनकी सप्लाई हो रही थी तथा इन्हें किन क्षेत्रों में खपाने की तैयारी थी।
इसके अतिरिक्त अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास एवं संभावित गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
मुनतियाज पुत्र साहिद निवासी केशव नगर वार्ड नं0 06 थाना बाजपुर जनपद ऊधमसिंह नगर, उम्र 24 वर्ष
मनोज कुमार पुत्र दूधनाथ निवासी ग्राम पंचपुरी कोपा गूलरभोज थाना गदरपुर जनपद ऊधमसिंह नगर, उम्र 41 वर्ष
बरामदगी का विवरण
18 गड्डी 500 रुपये के नकली नोट, प्रत्येक गड्डी में 200 नोट
20 गड्डी 500 रुपये के नोट, जिनमें ऊपर असली एवं नीचे नकली नोट पाए गए।
22 गड्डी 500 रुपये के नोट, जिनमें अधिकांश नोट “चिल्ड्रन बैंक ऑफ़ इंडिया ” अंकित नकली पाए गए।
12 गड्डी 500 रुपये के नोट, जिनमें ऊपर असली एवं नीचे नकली नोट पाए गए।
15 गड्डी 500 रुपये के नोट, जिनमें मुख्य नोट असली एवं नीचे नकली नोट पाए गए।
एक काला-सफेद धारीदार बैग, जिसमें 157 गड्डी 500-500 रुपये के नकली नोट बरामद हुए।
कुल लगभग 4 करोड़ 54 लाख रुपये की बरामदगी।
